सेवा संकल्प अभियान में दौड़े नौनिहाल, खुशी और ललित ने मारी बाजी
100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं ने दिखाया दमखम, विजेताओं को किया गया सम्मानित
संवाददाता
कानपुर देहात।
सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, माती में बालक एवं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग में खुशी प्रजापति ने प्रथम, धैर्या ने द्वितीय और सोनम देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालक वर्ग में ललित कुमार प्रथम, आकाश द्वितीय और मोनिस मंसूरी तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान और जिला मंत्री जितेन्द्र त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि खेलकूद से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। इसके साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के आयोजन में एथलेटिक्स कोच विजय कुमार गुप्ता, बॉक्सिंग कोच आशीष और बैडमिंटन खिलाड़ी गणेश श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।
इस दौरान शिक्षक संजय मिश्रा, शिक्षक संघ अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह भदौरिया, क्रीड़ा प्रभारी भानू प्रताप सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करना रहा।