दीप प्रज्वलित कर दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का किया उद्घाटन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पीटी प्रदर्शन ने मोहा मन
संवाददाता
कानपुर देहात।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, माती में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी कपिल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई और मार्चपास्ट की सलामी ली। बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, वहीं गलुआपुर के विद्यार्थियों के शानदार पीटी प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।