अकबरपुर महाविद्यालय में गूंजे ‘रश्मिरथी’ के ओजपूर्ण संवाद, कर्ण के संघर्ष ने मोहा मन

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की कलाकारों की सराहना, वीरता, स्वाभिमान और मानवीय मूल्यों का दिया संदेश

संवाददाता
कानपुर देहात।

अकबरपुर महाविद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कालजयी कृति ‘रश्मिरथी’ का भव्य नाट्य मंचन किया गया। कलाकारों के सशक्त अभिनय, ओजपूर्ण संवादों और भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाभारत के वीर योद्धा कर्ण के जीवन, संघर्ष, दानशीलता और स्वाभिमान का सजीव चित्रण देखकर सभागार तालियों से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं शासन के निर्देशों के क्रम में भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और जिलाधिकारी कपिल सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नाट्य मंचन का निर्देशन मिथिलेश कुमार सिंह ने किया।

प्रस्तुति में कर्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से आत्मसम्मान, सामाजिक समरसता, कर्तव्यनिष्ठा और विपरीत परिस्थितियों में भी सिद्धांतों पर अडिग रहने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से कर्ण के व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं को मंच पर जीवंत कर दिया।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय और अनुशासित मंचन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में साहित्य, रंगमंच और भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना रहा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रभारी जिला पर्यटन अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *