रनिया में सपेरा समाज के 26 परिवारों को आवासीय पट्टे मिलने की उम्मीद, शासन ने दिए कार्रवाई के निर्देश

गाटा संख्या 340क की 0.246 हेक्टेयर बंजर भूमि के आवंटन का मामला शासन स्तर पर पहुंचा

संवाददाता
कानपुर देहात।

उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं अकबरपुर-रनिया विधायक प्रतिभा शुक्ला के प्रयासों के बाद सपेरा समाज के 26 परिवारों को आवासीय भूमि मिलने की उम्मीद जगी है। नगर पंचायत रनिया के अंतर्गत गाटा संख्या 340क की 0.246 हेक्टेयर बंजर भूमि पात्र परिवारों को पट्टे पर आवंटित किए जाने के मामले में शासन ने नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने इस प्रकरण को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद जारी शासनादेश में संबंधित भूमि के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा गया है। इस पहल से लंबे समय से अपने आशियाने की आस लगाए सपेरा समाज के परिवारों में उम्मीद जगी है।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि गरीब और वंचित परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अपना घर प्रत्येक परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र परिवारों को आवासीय भूमि मिलने का रास्ता साफ होगा।

उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *