बिना नोटिस या वारंट घर में प्रवेश करने और गाली-गलौज का आरोप, पीड़ित ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की
संवाददाता
राजपुर/कानपुर देहात।
सिकंदरा थाना प्रभारी (एसएचओ) और उनके साथ आए पुलिसकर्मियों पर बिना नोटिस या वारंट घर में जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज करने और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। इस संबंध में ग्राम भाल निवासी सुमित सिंह पुत्र इंद्रपाल सिंह ने क्षेत्राधिकारी सिकंदरा को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 3 नवंबर 2026 की रात करीब 8:50 बजे सिकंदरा थाना प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि घर में प्रवेश का कारण और वैध दस्तावेज दिखाने की मांग करने पर पुलिसकर्मियों ने कोई नोटिस या वारंट नहीं दिखाया और जबरन घर में प्रवेश कर लिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान की भी जांच की मांग
सुमित सिंह का कहना है कि इस घटना से परिवार को मानसिक परेशानी हुई और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय आसपास के लोग भी मौजूद थे, जो पूरे मामले के प्रत्यक्षदर्शी हैं।
शिकायतकर्ता ने क्षेत्राधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।