मेला देखने घर से निकला था बालक, रास्ता भटकने पर सेंगुर नदी निर्माण स्थल के पास मिला; बाल कल्याण समिति के आदेश पर परिवार को सौंपा
संवाददाता
कानपुर देहात।
चाइल्ड हेल्पलाइन कानपुर देहात के प्रयासों से परिजनों से बिछड़े करीब आठ वर्षीय बालक को आखिरकार उसके परिवार से मिला दिया गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और जिला प्रशासन का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को थाना डेरापुर पुलिस ने 1098 कंट्रोल रूम के माध्यम से बालक के मिलने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में टीम ने तत्काल बालक को संरक्षण में लेकर उसके परिजनों की तलाश शुरू की। बालक सेंगुर नदी निर्माण स्थल, सरगांव खुर्द के पास भटकता हुआ मिला था। वह अपने परिवार के बारे में कुछ बता पाने में असमर्थ था।
चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने लगातार प्रयास कर बालक के परिजनों का पता लगाया। परिजनों ने बताया कि बालक बौद्धिक रूप से दिव्यांग है और मेला देखने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रास्ता भटकने के कारण वह परिवार से बिछड़ गया।
4 नवंबर को बाल कल्याण समिति के आदेश पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के दोबारा मिलने पर परिजनों ने राहत जताते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।