एनआई एक्ट और पॉक्सो एक्ट के मामलों में दो आरोपी पकड़े गए, बाल अपचारी के पास से पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद; शांति भंग की आशंका में 17 लोगों का चालान
संवाददाता
कानपुर देहात।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में 17 व्यक्तियों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना अकबरपुर पुलिस ने एनआई एक्ट के मामले में शेरुवा निवासी अनुज सिंह परिहार को गिरफ्तार किया। वहीं, थाना मूसानगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में दर्ज मामले में बमरौलीघाट निवासी रोहित को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा अकबरपुर पुलिस ने एक बाल अपचारी के कब्जे से उसके पिता की लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर बरामद की। इस मामले में पुलिस ने बाल अपचारी के पिता दिलीप शंकर को भी गिरफ्तार किया और उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
वहीं, जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 17 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान की कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।