मंगलपुर पुलिस ने औरैया से दबोचा, वर्ष 1986 के लूट के पुराने मामले में था वांछित
संवाददाता
कानपुर देहात।
मंगलपुर थाना पुलिस ने 38 साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी वारंटी अभियुक्त बालिस्टर उर्फ रमेशचन्द्र (65 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त ग्राम मुरादपुर का निवासी है और वर्ष 1986 में धारा 394 भादवि के तहत दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित था।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने 4 नवंबर को कार्रवाई की। टीम ने अभियुक्त को औरैया कस्बे की काशीराम कॉलोनी के गेट के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार यादव, कांस्टेबल मो. आलम, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और गौरव पाठक शामिल रहे।