आईजीआरएस निस्तारण में कानपुर देहात पुलिस ने प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान

एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने उत्कृष्ट कार्य के लिए महिला आरक्षी अनामिका को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

संवाददाता
कानपुर देहात।

जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में कानपुर देहात पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में जनपद पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और संदर्भों का निर्धारित समयसीमा में प्रभावी ढंग से निस्तारण करने के चलते जनपद को यह स्थान मिला।

इस उपलब्धि में आईजीआरएस सेल में तैनात महिला आरक्षी अनामिका का विशेष योगदान रहा। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में सराहनीय भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए 4 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

बेहतर पुलिसिंग की पहचान है शिकायतों का प्रभावी निस्तारण

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने महिला आरक्षी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता है। आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराना ही बेहतर पुलिसिंग की पहचान है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, आईजीआरएस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अमित शुक्ला सहित आईजीआरएस सेल में तैनात अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। जनपद पुलिस की इस उपलब्धि को शिकायत निस्तारण व्यवस्था में बेहतर कार्यशैली और जवाबदेही का परिणाम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *