राजस्व, भूमि विवाद और विकास कार्यों समेत विभिन्न विभागों की शिकायतें सुनीं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर दिया जोर
संवाददाता
कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विद्युत, पेयजल, सड़क और पुलिस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों का विभागवार संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर जोर देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को समय से राहत उपलब्ध कराई जाए।