हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्रों के चयन को लेकर समिति की बैठक, शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप केंद्र तय करने पर जोर
संवाददाता
कानपुर देहात।
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए गठित समिति की बैठक जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का चयन शासन और माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।
समयसीमा में पूरी करें आवश्यक प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में सभी निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक अभिलेखों और औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण निर्धारित समयसीमा के भीतर नियमानुसार किया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित समिति के अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।