नैनो उर्वरक आधुनिक खेती का भविष्य, किसानों को इनके प्रयोग के प्रति किया जागरूक

विश्व खाद्य दिवस पर एट में आयोजित हुई इफको की रबी फसल विचार गोष्ठी, 500 से 600 किसानों ने किया प्रतिभाग

संवाददाता
उरई/जालौन।

विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर इफको की ओर से एमजी मैरिज हॉल, एट में नैनो उर्वरक आधारित रबी फसल विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, संतुलित पोषण प्रबंधन और नैनो उर्वरकों के उपयोग की जानकारी दी गई। गोष्ठी में जनपद के करीब 500 से 600 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता झांसी मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक वीवी द्विवेदी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी कुमुदेंद्र कलाकर सिंह उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने किसानों को इफको के नैनो उर्वरकों, जलविलेय उर्वरकों और सागरिका तरल जैसे उत्पादों की उपयोगिता बताते हुए इन्हें आधुनिक कृषि के महत्वपूर्ण विकल्प बताया। उन्होंने किसानों से इन उत्पादों का उचित विधि से प्रयोग करने और नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।

संयुक्त कृषि निदेशक वीवी द्विवेदी ने किसानों को एकीकृत पोषण प्रबंधन अपनाने तथा खेती में आधुनिक तकनीकों और नवाचारों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कृषि विज्ञान केंद्र के विषय वस्तु विशेषज्ञ विष्टर जोशी ने मटर और गेहूं की खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी दी।

इफको के वरिष्ठ प्रबंधक (विपणन) एससी शुक्ला और झांसी क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने नैनो उर्वरकों के लाभ, उपयोग और प्रयोग की विधि विस्तार से समझाई। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी गगनदीप, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता शिव कुमार, पीसीएफ की जिला प्रबंधक प्रिया यादव, जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक तथा इफको के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन इफको के जनपद जालौन के क्षेत्र प्रतिनिधि शुभम मिश्रा ने किया। गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक कर रबी फसलों की खेती में वैज्ञानिक पद्धतियों को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *