कोषागार आने की झंझट खत्म, ऑनलाइन सुविधा अपनाने की अपील; वरिष्ठ कोषाधिकारी ने पेंशनर संगठनों के साथ की बैठक
संवाददाता
उरई/जालौन।
अस्वस्थता और अधिक उम्र के कारण कोषागार कार्यालय तक पहुंचने में असमर्थ बुजुर्ग पेंशनरों को अब जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इस सुविधा को लेकर वरिष्ठ कोषाधिकारी आनन्द कुमार सिंह की अध्यक्षता में कोषागार कार्यालय में पेंशनरों एवं विभिन्न पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने अस्वस्थ एवं अधिक आयु वाले पेंशनरों से ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के माध्यम से पेंशनरों को कोषागार कार्यालय आने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सकती है।
इसके लिए पेंशनर भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट jeevanpramaan.gov.in का उपयोग कर सकते हैं। बैठक में पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों से भी अपील की गई कि वे इस सुविधा की जानकारी अधिक से अधिक बुजुर्गों और जरूरतमंद पेंशनरों तक पहुंचाएं, ताकि वे आसानी से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकें।
बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष हरगोविन्द दयाल श्रीवास्तव, गवर्नमेंट वेलफेयर कर्मचारी ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष पुष्पेन्द्र कुमार त्रिपाठी तथा बेसिक शिक्षा के वरिष्ठ पेंशनर रामराजा द्विवेदी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।