प्रभात फेरी, गंगा रन, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
संवाददाता
कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन और प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला के मार्गदर्शन में संदलपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत अकना के दशहरी गांव स्थित हनुमानगढ़ी आश्रम, सेंगर नदी घाट पर जिला गंगा समिति की ओर से भव्य गंगा उत्सव आयोजित किया गया। जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नदी संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को पर्यावरण और नदियों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया। इसके बाद गंगा रन, चित्रकला, रंगोली और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
दौड़ और प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
गंगा रन के बालक वर्ग में पंकज ने प्रथम, धनंजय ने द्वितीय और साहिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में मंजुल, गौरी और विद्या क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं।
चित्रकला प्रतियोगिता में गौरी प्रथम, अदीवा एवं अनम द्वितीय तथा राधिका गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में अहिल्याबाई होल्कर इंटर कॉलेज, हवासपुर ने प्रथम, एमएनपी हाईस्कूल, सिकंदरा ने द्वितीय और राम सखी इंटर कॉलेज, दशहरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को अतिथियों ने मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दिया नदी संरक्षण का संदेश
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नाटक, लोकनृत्य, सामूहिक गायन और गंगा गीतों के माध्यम से नदी संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सेंगर नदी घाट पर गंगा आरती, दीपोत्सव और दीपदान का आयोजन किया गया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्वा पांडेय ने कहा कि नदियां हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत होने के साथ जीवन का आधार भी हैं। इनकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी ने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नदी की स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष साकेत पाल, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, वन विभाग के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।