अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 18 वाहनों से 5.29 लाख रुपये जुर्माना वसूला

जुर्माना जमा न करने वाले चार वाहन थाना भोगनीपुर की अभिरक्षा में सुपुर्द, अभियान आगे भी रहेगा जारी

संवाददाता
कानपुर देहात।

जनपद में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत खान अधिकारी, कानपुर देहात ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए कुल 18 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की और 5 लाख 29 हजार 380 रुपये का जुर्माना वसूल किया।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। वहीं, जुर्माना जमा नहीं करने वाले चार वाहनों को अग्रिम आदेशों तक थाना भोगनीपुर की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया।

जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है। इस कार्रवाई से अवैध खनन और ओवरलोडिंग में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *