चाइल्ड हेल्पलाइन ने बालक को संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष किया पेश, पहचान के लिए 1098 पर सूचना देने की अपील
संवाददाता
कानपुर देहात।
डेरापुर थाना क्षेत्र के सरगांव खुर्द में सेंगुर नदी के निर्माण स्थल के पास करीब आठ वर्षीय बालक भटकता हुआ मिला। पुलिस से सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बालक को संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के मार्गदर्शन में पहुंची टीम ने आसपास के क्षेत्रों में बालक के परिजनों की तलाश की, लेकिन अभी तक उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। बालक अपने नाम-पते और परिवार के बारे में कुछ भी बताने में असमर्थ है।
इस हुलिए का है बालक
बालक के बाल छोटे हैं और रंग सांवला है। उसने हल्के गुलाबी रंग की धारीदार शर्ट और नीले रंग का हाफ लोअर पहन रखा है।
चाइल्ड हेल्पलाइन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को बालक के माता-पिता या रिश्तेदारों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो बाल कल्याण समिति, जिला प्रोबेशन कार्यालय अथवा टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि मासूम को उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।