विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, बूथों की सुरक्षा और सुविधाओं का होगा सत्यापन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की मैपिंग के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात।

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर संवेदनशील एवं क्रिटिकल बूथों की मैपिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदेय स्थलों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और रैंप सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को समय रहते दूर कराया जाए, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निर्वाचन तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *