विकसित भारत युवा संसद में लोकतंत्र, सुशासन और राष्ट्र निर्माण पर हुई सार्थक चर्चा
संवाददाता
कानपुर देहात।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, कानपुर देहात की ओर से राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर में ‘विकसित भारत युवा संसद-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए और लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव प्रक्रिया तथा सुशासन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीरज रानी ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अतुल शर्मा, डॉ. ए.सी. पांडेय, डॉ. हरीश कुमार सिंह, डॉ. राम मनोहर मिश्रा एवं जिला युवा अधिकारी प्रिया तिवारी के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
युवाओं ने संसदीय परंपराओं पर रखे विचार
युवा प्रतिभागियों ने संसदीय परंपराओं और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और तार्किक चिंतन को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा श्रीवास्तव एवं अभय प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर सहकार भारती के जिलाध्यक्ष गौरव त्रिपाठी, डॉ. शिव नारायण, डॉ. पवन कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। आयोजन में विभिन्न युवा एवं महिला मंडलों के सदस्यों तथा स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग दिया।
अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।