राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में होगा आयोजन, निःशुल्क कानूनी सलाह के साथ सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद के जरूरतमंद लोगों को न्यायिक सहायता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श, विवादों के समाधान, लोक अदालत संबंधी जानकारी और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव मनाली चन्द्रा ने बताया कि जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य गरीब, वंचित, महिलाओं, वृद्धजनों, दिव्यांगजनों सहित जरूरतमंद वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने की कार्रवाई की जाएगी। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान, कानूनी अधिकारों की जानकारी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मनाली चन्द्रा ने आमजन से अपील की है कि वे शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।