विधिक सहायता शिविर के प्रचार को न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी

एक नवंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, गांव-गांव पहुंचकर लोगों को किया जाएगा जागरूक

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद जालौन में आगामी एक नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विरजेन्द्र कुमार सिंह ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिविर का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को विधिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव मनाली चन्द्रा ने बताया कि राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित होने वाला यह शिविर एक नवंबर को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में लगाया जाएगा। प्रचार वाहन जिला दीवानी न्यायालय, उरई से रवाना होकर विभिन्न बाह्य न्यायालय परिसरों, तहसीलों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा।

प्रचार अभियान के दौरान पराविधिक स्वयंसेवकों द्वारा विधिक सेवाओं और सरकारी सुविधाओं से संबंधित पंपलेट वितरित कर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाना और उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण, मध्यस्थगण, अधिवक्तागण तथा न्यायालय के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *