जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में हुई बैठक, प्रस्तावित सूची पर किसी भी दल ने नहीं जताई आपत्ति
संवाददाता
उरई/जालौन।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जनपद जालौन में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल स्थापित करने के संबंध में तैयार की गई प्रस्तावित सूची की जानकारी दी गई। चर्चा के दौरान उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सूची पर कोई आपत्ति नहीं जताई और प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन का प्रस्ताव निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को अनुमोदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। उन्होंने निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, समस्त उप जिलाधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।