शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने पर दिया जोर
संवाददाता
कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, पेयजल, सड़क, विकास कार्य, पुलिस और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। डीएम ने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।