अवैध शराब के 49 क्वार्टर बरामद, शांति भंग की आशंका में 16 लोगों का चालान
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनपद में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी पुराने आपराधिक मामलों में वांछित थे, जबकि दो अन्य के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 16 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना गजनेर पुलिस ने गुजराई निवासी इन्दल जमादार को मुकदमा अपराध संख्या 21/08 में गिरफ्तार किया। वहीं, थाना मूसानगर पुलिस ने सराय निवासी मोहम्मद आलम को मुकदमा अपराध संख्या 31/22 के मामले में गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की।
इसी क्रम में थाना रसूलाबाद पुलिस ने कमसिया निवासी अखिलेश उर्फ पुत्तन के कब्जे से अवैध शराब के 25 क्वार्टर बरामद किए। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, थाना सट्टी पुलिस ने खरका किशनपुर निवासी पुत्तन लाल को ग्लोबस ऑरेंज ब्रांड की अवैध शराब के 24 क्वार्टर के साथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 49 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की।
शांति व्यवस्था के लिए 16 लोगों पर कार्रवाई
जनपद में शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 16 लोगों का चालान किया गया। इनमें अकबरपुर से एक, रूरा से एक, गजनेर से तीन, भोगनीपुर से तीन, मूसानगर से एक, मंगलपुर से एक और रसूलाबाद से छह व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान जारी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।