रबी सीजन में किसानों को बड़ी राहत, उन्नत बीजों पर मिलेगा 50 फीसदी अनुदान

गेहूं, चना, मटर, मसूर और सरसों के बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, सरसों की 14,500 मिनीकिट निशुल्क वितरित होंगी

संवाददाता
कानपुर देहात।

रबी सीजन 2026-27 में फसलों की बोआई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कृषि विभाग की ओर से गेहूं, चना, मटर, मसूर, तोरिया और राई-सरसों के प्रमाणित बीजों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। चयनित किसानों को राजकीय बीज गोदामों से बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडे ने बताया कि जनपद में रबी सीजन के लिए बीज वितरण की व्यवस्था की गई है। गेहूं के लिए 11,832 क्विंटल के लक्ष्य के सापेक्ष 3,445.8 क्विंटल बीज उपलब्ध है। चना और मटर का निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूरा बीज उपलब्ध है। वहीं, राई-सरसों के 156.4 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 152 क्विंटल और मसूर के 26 क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 24.32 क्विंटल बीज उपलब्ध है।

सरसों की 14,500 मिनीकिट निशुल्क मिलेंगी

किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए राई-सरसों की 14,500 मिनीकिट निशुल्क वितरण के लिए उपलब्ध हैं। इनकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। कृषि विभाग ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन बुकिंग कराकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

एसएमएस मिलने पर गोदाम से लें बीज

अनुदानित बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। चयन होने पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजा जाएगा। इसके बाद किसान संबंधित ब्लॉक के राजकीय बीज गोदाम पर पहुंचकर पीओएस (PoS) मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर सकेंगे।

कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते ऑनलाइन बुकिंग कराने और उन्नत प्रमाणित बीजों पर मिलने वाले अनुदान का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *