‘सुशासन सप्ताह 2025’ के तहत 19 से 25 दिसंबर तक चलेगा ‘प्रशासन गाँव की ओर’ अभियान

लोक शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु तहसील व पंचायत स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर

संवाददाता — उरई/जालौन

‘सुशासन सप्ताह 2025’ के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित ‘प्रशासन गाँव की ओर’ राष्ट्रव्यापी अभियान को जनपद जालौन में प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने की।

बैठक में अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 19 से 25 दिसंबर 2025 तक तहसील मुख्यालय एवं पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए, जिससे आमजन की लोक शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की CPGRAMS तथा राज्य सरकार के IGRS पोर्टल पर लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। साथ ही ऑनलाइन सेवाओं की डिलीवरी को बढ़ाते हुए प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में सुशासन के क्षेत्र में किए गए नवाचारों को फोटोग्राफ सहित पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा प्रत्येक अधिकारी द्वारा कम से कम एक सफलता की कहानी प्रस्तुत की जाए, जिससे सुशासन की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *