जनता के प्रति जवाबदेही पर सख्त जिलाधिकारी, विकास भवन का आकस्मिक निरीक्षण

अनुपस्थिति पर वेतन रोक, निलंबन व प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

संवाददाता — उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुपालन में प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अनिवार्य जनसुनवाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुपस्थिति, लापरवाही तथा कार्यप्रणाली में शिथिलता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र बाबू अनुपस्थित पाए गए। कार्यालय व्यवस्था असंतोषजनक मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता कार्यालय में कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनका एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, एनआरएलएम कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग तथा लघु सिंचाई विभाग में भी अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनके विरुद्ध वेतन रोकने एवं स्पष्टीकरण लेने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में गंभीर लापरवाही सामने आई। एक आवेदक की शिकायत पर जांच में दोषी पाए जाने पर पूर्ति लिपिक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुनवाई में लापरवाही, अनुशासनहीनता और समयपालन में शिथिलता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रतिदिन निर्धारित समय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *