जनगणना-2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, ऑनलाइन दर्ज करें परिवार का विवरण

डीएम कपिल सिंह ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मी

संवाददाता
कानपुर देहात।

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना के तहत नागरिकों को ऑनलाइन अपने परिवार का विवरण दर्ज करने तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर सत्यापन कराने की तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने और स्व-गणना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित अवधि में अपना और परिवार का विवरण दर्ज करें। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त SE ID को सुरक्षित रखें।

1 दिसंबर से घर-घर होगा विवरण का सत्यापन

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 दिसंबर से जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर ऑनलाइन दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन करेंगे। इस दौरान नागरिकों से आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। जनगणना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।

विकास योजनाओं के लिए सटीक जनगणना जरूरी

डीएम ने कहा कि सटीक जनगणना भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों का मजबूत आधार है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और नागरिकों को स्व-गणना के लिए जागरूक करें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, सीडीओ विधान जायसवाल, एडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य, एएसपी आलोक प्रसाद, जनपद नोडल अधिकारी वर्तिका गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *