बिना चेकिंग प्रवेश पर रोक, सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता पर दिया जोर
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रवेश द्वार, सुरक्षा उपकरणों, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, हवालात और पेशी चौकी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने डीएफएमडी, एचएचएमडी और लगेज स्कैनर की कार्यशीलता की जांच की। साथ ही न्यायाधीशों के न्यायालय कक्षों एवं अधिवक्ता चैंबर क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि बिना सघन चेकिंग के किसी भी व्यक्ति या वाहन को न्यायालय परिसर में प्रवेश न दिया जाए। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी, बॉडी-वॉर्न कैमरा और शस्त्र के साथ सतर्क रहने के निर्देश भी दिए गए।
एएसपी ने पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने, अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार गश्त करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कोर्ट सुरक्षा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।