मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, बसों में भी जांचे गए सुरक्षा मानक
संवाददाता
कानपुर देहात।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कानपुर देहात यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 25 और 26 अक्टूबर की मध्यरात्रि में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 24 वाहनों के चालान किए गए तथा कुल 1,44,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर आवश्यक जांच की। साथ ही, ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यात्री बसों में सुरक्षा मानकों की जांच
अभियान के दौरान यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बसों में मेडिकल किट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार और ओवरलोडिंग सहित यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों की जांच की गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज और अनावश्यक ध्वनि करने वाले उपकरणों का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।