नौ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद के कदौरा थाना क्षेत्र में आम रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में सात नामजद सहित 37 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि नौ लोगों को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे ग्राम हंसा निवासी पंकज सिंह ने पीआरवी 5701 को सूचना दी कि ग्राम सोंदी निवासी जयप्रकाश आदि आम रास्ते से निकलने को लेकर मारपीट कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि वहां पहले से एकत्र महिला-पुरुषों ने एकराय होकर पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना की जानकारी स्थानीय थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने सात नामजद अभियुक्तों तथा 30 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मामले में नौ लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर (उरई) का आधिकारिक वक्तव्य भी जारी किया गया है।