मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड होगा विवरण

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पोर्टल को Go-Live करने की दी सहमति, पत्रकारों और उनके आश्रितों को मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ

संवाददाता
लखनऊ।

उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए विकसित नए पोर्टल को सूचना निदेशक विशाल सिंह ने Go-Live करने की सहमति प्रदान कर दी है।

सूचना निदेशालय के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली, आवेदन, सत्यापन तथा आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। इसमें मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

एक सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड करना होगा विवरण

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि पात्र मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने मुख्यालय को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी की जा सके। साथ ही स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *