जालौन पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, सात थानों में 9 मामलों में कार्रवाई

गांजा, अवैध शराब और जुआ बरामद; मारपीट, सड़क दुर्घटना समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जालौन पुलिस ने 26 अक्टूबर को सात थानों में कुल नौ मामलों में कार्रवाई की। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए गांजा, अवैध शराब और नकदी बरामद की। वहीं, मारपीट, सड़क दुर्घटना, पशु क्रूरता और धोखाधड़ी के मामलों में भी मुकदमे दर्ज किए गए।

पुलिस के अनुसार, माधौगढ़ कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 600 ग्राम गांजा और 2,500 रुपये बरामद किए। वहीं, सिरसाकलार पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत एक आरोपी से 18 क्वार्टर देशी शराब जब्त की। इसी थाना क्षेत्र में जुआ खेलते पकड़े गए तीन आरोपियों के पास से 5,330 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए।

इसके अतिरिक्त कोंच, कोटरा, कालपी, कदौरा और डकोर थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटना का एक, मारपीट के तीन, पशु क्रूरता का एक और धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज किया गया।

जालौन पुलिस ने बताया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *