शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 32 लोगों का चालान, अवैध तमंचे के साथ एक आरोपी पकड़ा गया
संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी शामिल हैं। वहीं, गजनेर पुलिस ने एक आरोपी को अवैध देशी तमंचे के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 32 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रूरा पुलिस ने मुकदमा संख्या 307/26 में संबंधित अभियुक्त मनीष राजपूत निवासी ग्राम काशीपुर को गिरफ्तार किया। थाना राजपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 112/26 में वांछित सुरेश निवासी ग्राम गहैसर, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया को पकड़ा। वहीं, थाना डेरापुर पुलिस ने वर्ष 2020 के एक मामले में बल्ली निवासी कृष्णा नगर, पलिया तथा वर्ष 2021 के चोरी से संबंधित मामले में मन्नी उर्फ छोटे लाल निवासी भड़पुरा को गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में थाना मंगलपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 335/26 और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले में रामशंकर निवासी बलरामपुर को गिरफ्तार किया। दूसरी ओर, थाना गजनेर पुलिस ने आदर्श शर्मा निवासी बड़ागांव, थाना शिवली को .315 बोर के अवैध देशी तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में मुकदमा संख्या 243/26 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
शांति व्यवस्था के लिए 32 लोगों पर कार्रवाई
जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कुल 32 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें अकबरपुर से एक, रूरा से दो, गजनेर से पांच, रनियां से चार, भोगनीपुर से एक, मूसानगर से एक, सट्टी से एक, अमराहट से दो, मंगलपुर से चार, बरौर से एक, रसूलाबाद से सात और शिवली थाना क्षेत्र से तीन व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है।