कानपुर देहात के पांच सर्किलों में आयोजित हुए परिवार परामर्श केंद्र, महिला परामर्शदाताओं ने काउंसलिंग कर कराया समझौता
संवाददाता
कानपुर देहात
पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी समझ के माध्यम से सुलझाने के उद्देश्य से रविवार को जनपद के विभिन्न सर्किलों में ‘परिवार जागृति’ विकेन्द्रीकृत परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान चार परिवारों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराकर उन्हें फिर से एक सूत्र में जोड़ने में सफलता मिली।
परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन अकबरपुर सर्किल के पुलिस लाइन, रसूलाबाद सर्किल के थाना शिवली, डेरापुर सर्किल के थाना डेरापुर, भोगनीपुर सर्किल के थाना भोगनीपुर तथा सिकंदरा सर्किल के थाना सिकंदरा में किया गया। यहां प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की।
काउंसलिंग से दूर हुए आपसी मतभेद
परामर्श केंद्रों में विवाद से जुड़े दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी गई। इसके बाद निष्पक्ष, संवेदनशील और धैर्यपूर्ण काउंसलिंग के माध्यम से आपसी मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया। बातचीत और समझौते के जरिए अकबरपुर सर्किल में तीन तथा डेरापुर सर्किल में एक परिवार के विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया। इस प्रकार कुल चार परिवारों के बीच आपसी सहमति से समझौता हुआ। वहीं, शेष मामलों में काउंसलिंग जारी रखते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।
परिवारों में संवाद और विश्वास बढ़ाने पर जोर
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का त्वरित और मानवीय दृष्टिकोण से निस्तारण करना है। इसके माध्यम से परिवारों में आपसी संवाद, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार जागृति केंद्र पारिवारिक मतभेदों को दूर कर रिश्तों में फिर से मधुरता लाने और परिवारों को एकजुट रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।