एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तीकरण का दिया संदेश
संवाददाता
कानपुर देहात
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कानपुर देहात में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। थाना अकबरपुर क्षेत्र के रूरा तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने हरी झंडी दिखाकर महिला पुलिसकर्मियों की स्कूटी रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
रूरा तिराहे से शुरू हुई स्कूटी रैली अकबरपुर ओवरब्रिज तक निकाली गई। इसमें पुलिसकर्मियों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं और गणमान्य नागरिकों ने भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान, कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद, जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या अपराध की स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना किसी संकोच के पुलिस की सहायता लें।
इसके साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
गांवों से बाजारों तक चलेगा जागरूकता अभियान
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा दलों और महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा गांवों, कस्बों, बाजारों तथा शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपायों और महिलाओं को उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी जा रही है।
महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी बताया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और उन्हें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारीगण सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कानपुर देहात पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया।