मिशन शक्ति के रंग में रंगा अकबरपुर, भव्य पैदल मार्च से गूंजा नारी सुरक्षा और सम्मान का संदेश

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ और डीआईजी यमुना प्रसाद की मौजूदगी में निकला मार्च, छात्राओं व महिला पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

संवाददाता
कानपुर देहात

शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को कानपुर देहात के अकबरपुर कस्बे में मिशन शक्ति अभियान के तहत भव्य पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने तथा आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, छात्राओं और महिला कर्मियों की सक्रिय भागीदारी ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

पैदल मार्च में विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान, अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक यमुना प्रसाद, जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालयों की छात्राओं, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम तथा महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए बताया गया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा अन्याय की स्थिति में चुप न रहें। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से सहायता प्राप्त करें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना है।

आत्मनिर्भर बनें बेटियां, समाज में निभाएं अहम भूमिका

पैदल मार्च के जरिए समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और महिला सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने तथा समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *