रोमांचक फाइनल में आगरा ने मारी बाजी, प्रदेश स्तरीय बास्केटबॉल खिताब पर जमाया कब्जा

एक अंक से टूटी वाराणसी की उम्मीद, आगरा ने 23-22 से जीता फाइनल मुकाबला; जिलाधिकारी कपिल सिंह ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

संवाददाता
कानपुर देहात

स्पोर्ट्स स्टेडियम, कानपुर देहात में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में आगरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में आगरा ने वाराणसी की टीम को महज एक अंक के अंतर से 23-22 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अंतिम क्षण तक चले कड़े मुकाबले ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया, जबकि वाराणसी की टीम उपविजेता रही।

खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर 8 से 11 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 14 मंडलों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बालिका खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, कौशल और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ाधिकारी श्रीमती नीलम सिद्दीकी की देखरेख में संपन्न हुआ।

सेमीफाइनल में आगरा ने गोरखपुर को दी शिकस्त

प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में आगरा और गोरखपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। आगरा की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर को 34-24 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद फाइनल में वाराणसी के साथ हुए मुकाबले में भी आगरा की टीम ने दमखम दिखाया और एक अंक की बढ़त के साथ खिताब पर कब्जा जमा लिया।

जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने विजेता आगरा और उपविजेता वाराणसी की टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

खेल जगत की हस्तियों की रही मौजूदगी

प्रतियोगिता में नुरुद्दीन अहमद, उमेश साहू, उमेश कुमार, आदित्य, आर्यन और कुलदीप ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समापन समारोह में हॉकी संघ के सचिव देवेंद्र पॉल, बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी सविता पांडेय, बॉक्सिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम शर्मा और फुटबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी राघव मिश्रा सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर क्रीड़ाधिकारी श्रीमती नीलम सिद्दीकी ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *