हेलमेट-सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य, मॉडिफाइड साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों से बचने की अपील
संवाददाता
उरई/जालौन
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आटा थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की ओर से मोहतरमा जैनब हीरा महाविद्यालय, आटा (कालपी) में आयोजित एनसीसी कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान थानाध्यक्ष आटा एवं यातायात प्रभारी ने एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और यातायात संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसर का प्रयोग न करने और बिना नंबर प्लेट के वाहन नहीं चलाने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा करने का संकल्प भी है।
एनसीसी कैडेट्स से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करे।
जालौन पुलिस ने आमजन से अपील की कि सावधानी अपनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित जीवन का संकल्प लें।