अपराधियों पर सख्ती, गरीबों और पीड़ितों को न्याय दिलाना होगी प्राथमिकता
संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने जालौन की कमान संभालते ही कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर सक्रियता दिखाई। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभिन्न थानों और अपराध से जुड़े अधिकारियों से जानकारी लेकर जनपद की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब, असहाय और पीड़ित व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
अपराधियों को कानून के दायरे में लाने पर जोर
नवागत एसपी ने अपराधियों के प्रति सख्त रुख अपनाने के संकेत देते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अपराध करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
एसपी के कार्यभार संभालने के बाद जनपदवासियों को पुलिस की कार्यशैली में सुधार, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है। अब आमजन की निगाहें नए पुलिस कप्तान की कार्ययोजना और आगामी कदमों पर टिकी हैं।