8 व 9 अक्टूबर को पेंशन भवन में लगेगा कैंप, साथ लाने होंगे जरूरी दस्तावेज
संवाददाता
उरई/जालौन।
राजकीय पेंशनरों और उनके पात्र आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 8 एवं 9 अक्टूबर को पेंशन भवन, कलेक्ट्रेट परिसर उरई में दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आयुष्मान भारत की जिला स्तरीय टीम द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पंजीकरण एवं ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
योजना के तहत पात्र पेंशनर परिवारों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक तथा सरकारी अस्पतालों में बिना किसी वित्तीय सीमा के कैशलेस उपचार की सुविधा अनुमन्य है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए स्टेट हेल्थ कार्ड होना अनिवार्य है।
शिविर में आने वाले पेंशनरों को आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल फोन, पासपोर्ट साइज फोटो, विभागीय डीडीओ कोड अथवा पीपीओ नंबर, पे-बैंड/लेवल और पेंशन खाते की बैंक पासबुक साथ लानी होगी।
वरिष्ठ कोषाधिकारी ने ऐसे सभी राजकीय पेंशनरों से शिविर में पहुंचकर अपना ऑनलाइन आवेदन एवं ई-केवाईसी कराने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक योजना के तहत पंजीकरण नहीं कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल राजकीय पेंशनरों के लिए लागू है।