दशहरे पर किसानों को सरकार का तोहफा, अनुदान पर मिलेंगे आधुनिक कृषि यंत्र

20 अक्टूबर तक होगी ऑनलाइन बुकिंग, लक्ष्य से अधिक आवेदन पर ई-लॉटरी से चयन

संवाददाता
उरई/जालौन।

दशहरा पर्व के अवसर पर जनपद के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र अनुदान पर प्राप्त करने का अवसर दिया गया है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि सबमिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन समेत विभिन्न योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों की बुकिंग 7 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से 20 अक्टूबर की रात 12 बजे तक की जा सकेगी।

योजना के तहत कृषि ड्रोन, फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, रोटावेटर, स्ट्रॉ रीपर, कंबाइन हार्वेस्टर, सुपर सीडर, मल्चर, बेलर और रीपर-कम-बाइंडर सहित फसल अवशेष प्रबंधन के कई आधुनिक यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मेज सेलर तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत मिलेट पार्लर समेत अन्य कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों के लिए भी आवेदन किए जा सकेंगे।

किसान विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के दौरान यंत्रवार निर्धारित जमानत राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। 10,001 रुपये से एक लाख रुपये तक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 2,500 रुपये तथा एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 5,000 रुपये की जमानत राशि निर्धारित की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, बुकिंग केवल अवशेष कृषि यंत्रों के लिए की जाएगी। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। कृषि विभाग ने जनपद के किसानों से निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन बुकिंग कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *