सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे बीएलओ, फार्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण; 4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
संवाददाता
उरई/जालौन।
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को एक और मौका मिलने जा रहा है। जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची में नाम न होने पर पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कैंपों को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, ताकि लोगों को आवेदन भरने में परेशानी न हो। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज देने होंगे।
बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी पर भी चर्चा हुई। एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर चलाए जाने वाले अभियान के तहत मतदेय स्थलों का संभाजन एवं पुनर्गठन दो नवंबर तक पूरा किया जाएगा। मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी, जबकि इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने और कैंपों की जानकारी गांवों, कस्बों व शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने जनपदवासियों से आग्रह किया कि वे 17 और 24 अक्टूबर को अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जरूर जांचें। नाम दर्ज न होने पर पात्रता के अनुसार फार्म-6 भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में उप जिलाधिकारी उरई उत्तम कुमार तिवारी, भाजपा के शांति स्वरूप, सपा के जमालुद्दीन, बसपा के भगवती शरण पांचाल, अपना दल एस के अनिल कुदारी, सीपीआईएम के विनोद कुमार नगरिया सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।