संवाददाता — कानपुर देहात
बड़ौदा आरसेटी कानपुर देहात में 35 दिवसीय निःशुल्क एवं आवासीय ब्यूटी पार्लर प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दिनांक 17 जनवरी 2026 से किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन 19 जनवरी 2026 को उपायुक्त स्वतः रोजगार श्री गंगाराम एवं निदेशक आरसेटी श्री मयंक कटियार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार श्री गंगाराम ने सभी प्रशिक्षुओं को पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की सलाह दी, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवतियों को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक आरसेटी श्री मयंक कटियार ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षुओं को संस्थान में रहकर प्रशिक्षण को गंभीरता से पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आरसेटी द्वारा प्रशिक्षण उपरांत स्वरोजगार स्थापित करने में भी आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर प्रशिक्षिका स्वर्णिमा, आरसेटी फैकल्टी निखिल मिश्रा, पंकज कुमार, कार्यालय सहायक हर्षित मिश्रा, योगेंद्र सिंह, अटेंडर रोहित एवं वॉचमैन शिवम् उपस्थित रहे।