अग्निकांड पीड़ित परिवार को प्रशासन ने दी राहत, घायल पशुओं का कराया उपचार

कोंच के ग्राम बोहरा में सुबह पांच बजे लगी आग, पशु बाड़े का छप्पर और लकड़ी जली; पीड़ित को तीन हजार रुपये की सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू

संवाददाता
उरई/जालौन।

तहसील कोंच के ग्राम बोहरा में मंगलवार सुबह अग्निकांड की घटना से प्रभावित परिवार को जिला प्रशासन ने राहत पहुंचाने की पहल की। जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बोहरा निवासी भगवान सिंह पुत्र खुशाली के कच्चे पशु बाड़े में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे आग लग गई। इस घटना में बाड़े का छप्पर, लकड़ी और गोबर के कंडे जलकर नष्ट हो गए। बाड़े में बंधी एक बकरी और एक पड़िया भी आंशिक रूप से झुलस गईं।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायल पशुओं का उपचार किया। उपचार के बाद उनकी स्थिति स्वस्थ बताई गई है।

प्रशासन ने मामले को शासनादेश के तहत दैवीय आपदा से संबंधित मानते हुए पीड़ित भगवान सिंह को तीन हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा से प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने में तेजी बरती जाए। उन्होंने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *