सीडीओ केके सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, टाउन हॉल में दिलाई सेवा की शपथ
संवाददाता
उरई/जालौन।
‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से देश सेवा’ के तहत बुधवार को शहर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विकास भवन से शुरू हुई यात्रा जिला परिषद, अंबेडकर चौराहा और शहीद भगत सिंह चौराहा होते हुए टाउन हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और पात्र लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संदेश दिया गया।
टाउन हॉल में सीडीओ केके सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को सेवा भावना के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सेवा महज दायित्व नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी है। अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ करने का आह्वान किया। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से जनपदवासियों को सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण के लिए मिलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।