पांच साल तक का कोई बच्चा पोलियो खुराक से न छूटे, टीबी मरीजों की समय पर जांच और नियमित उपचार सुनिश्चित करने पर जोर
संवाददाता
उरई/जालौन।
जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में टीबी मुक्त भारत अभियान, सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान तथा विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तीनों अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
टीबी मरीजों की पहचान और नियमित उपचार पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टीबी मरीजों की समय पर पहचान, नियमित उपचार और फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसहभागिता के माध्यम से मरीजों को जागरूक करने और उनका मनोबल बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि उपचार के दौरान उन्हें आवश्यक सहयोग मिल सके।
पांच साल तक का कोई बच्चा पोलियो खुराक से न छूटे
पल्स पोलियो अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। इसके लिए पोलियो बूथों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं करने के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।
साफ-सफाई और जलभराव रोकने के निर्देश
विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, जलभराव रोकने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को रोगों के लक्षण, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करने को कहा।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।