दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, 65 हजार रुपये तक की मिलेगी सहायता

16 वर्ष या अधिक उम्र की छात्राएं कर सकती हैं ऑनलाइन आवेदन, गरीब परिवारों की छात्राओं को मिलेगी प्राथमिकता

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद जालौन की 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की दिव्यांग छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है। इसके तहत स्कूल, कॉलेज, कोचिंग या अन्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र छात्राओं को आवागमन की सुविधा के लिए अधिकतम 65 हजार रुपये की ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।

ये छात्राएं कर सकेंगी आवेदन

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि योजना का उद्देश्य छात्राओं को कक्षाओं, लाइब्रेरी, लैब और हॉस्टल तक आने-जाने में सुविधा प्रदान कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। आवेदन के लिए छात्राओं के पास दिव्यांगता प्रमाण-पत्र अथवा यूडीआईडी कार्ड होना आवश्यक है। इसके साथ ही छात्रा का ई-ट्राईसाइकिल चलाने में शारीरिक रूप से सक्षम होना और उसका परिवार आयकरदाता न होना अनिवार्य है।

गरीब परिवारों को मिलेगी प्राथमिकता

योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। पिछले पांच वर्षों में किसी भी स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त कर चुकी छात्राएं इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। आवेदन के साथ शिक्षण या प्रशिक्षण संस्थान का अध्ययन प्रमाण-पत्र भी देना होगा।

वेबसाइट पर कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक छात्राएं विभागीय वेबसाइट www.hwd.uphq.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीपीआरओ भवन, उरई से प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *