उरई के कुनाल जाटव ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 3.17 सेकंड में टाइप की अंग्रेजी वर्णमाला

डीएम समीर ने सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह, टेक आंत्रप्रेन्योर बनने का है सपना

संवाददाता
उरई/जालौन।

जनपद जालौन के होनहार छात्र कुनाल जाटव ने अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। डिवाइन मर्सी स्कूल में कक्षा 11 के छात्र कुनाल ने महज 3.17 सेकंड में अंग्रेजी वर्णमाला टाइप कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। उन्होंने 3.25 सेकंड के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

डीएम ने सम्मानित कर दी बधाई

मोहल्ला बघौरा निवासी कुनाल की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी समीर ने उन्हें सम्मानित किया और बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुनाल के पिता संतोष कुमार जाटव सरकारी शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।

कंप्यूटर और तकनीक में है विशेष रुचि

कुनाल को कंप्यूटर और तकनीक के क्षेत्र में विशेष रुचि है। वह लगातार अभ्यास के जरिए अपनी तकनीकी प्रतिभा को निखार रहे हैं। इसके साथ ही वह खेलों से जुड़े कई सॉफ्टवेयर भी बना चुके हैं। भविष्य में टेक आंत्रप्रेन्योर बनकर अपना उद्यम स्थापित करना उनका लक्ष्य है।

विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणास्रोत

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि कुनाल की उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सफलता साबित करती है कि लगन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *