विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
संवाददाता
उरई/जालौन।
पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक अनुशासित, चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने मंगलवार को पुलिस लाइन उरई में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक सतर्कता का जायजा लिया। साथ ही उनकी एकरूपता, अनुशासन और कार्यक्षमता का परीक्षण किया।
पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण
परेड के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रागार और परिवहन शाखा सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम आयोजित कर उनकी समस्याओं और विभागीय मामलों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। इस निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ पुलिस बल की कार्यक्षमता और तैयारियों को मजबूत करना रहा।