परिवार परामर्श केंद्र ने पति-पत्नी के बीच मतभेद दूर कर कराया समझौता, आपसी सामंजस्य से गृहस्थी बसाने की दी सलाह
संवाददाता
उरई/जालौन।
पारिवारिक विवादों का समाधान कर टूटते रिश्तों को बचाने के लिए जालौन पुलिस का परिवार परामर्श केंद्र लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने आपसी मतभेदों के चलते विवादों का सामना कर रहे चार परिवारों की काउंसलिंग कर उनके बीच समझौता कराया। पुलिस की इस पहल से चारों परिवारों को फिर से एक साथ रहने का अवसर मिला।
परिवार परामर्श केंद्र में महिला पुलिस अधिकारियों एवं नामित सदस्यों ने पति-पत्नी और उनके परिजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दोनों पक्षों की बातों को समझने के बाद उन्हें आपसी बातचीत, धैर्य और समझदारी के साथ विवादों का समाधान निकालने के लिए प्रेरित किया गया। काउंसलिंग के दौरान दंपतियों को भविष्य में आपसी विवादों से बचने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का मिल-जुलकर निर्वहन करने की सलाह दी गई।
परामर्श और समझाइश के बाद चारों परिवारों के दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रहने के लिए राजी हो गए। दंपतियों ने भविष्य में आपसी सामंजस्य बनाए रखने, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और पारिवारिक दायित्वों का मिलकर पालन करते हुए जीवन बिताने की सहमति जताई।
जालौन पुलिस के परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल से चार परिवारों में फिर से खुशियां लौटने की उम्मीद जगी है। पुलिस की यह पहल संवाद, समझदारी और आपसी सहमति के माध्यम से पारिवारिक विवादों को सुलझाने तथा रिश्तों को टूटने से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।